News

संसद मानसून सत्र का दूसरा दिन:ऑपरेशन सिंदूर पर आज भी हंगामे के आसार, विपक्ष बोला- सरकार पहलगाम पर जवाब दे; बीते दिन लोकसभा 4 बार स्थगित हुई थी

By Mani 4 min read

संसद मानसून सत्र का दूसरा दिन:ऑपरेशन सिंदूर पर आज भी हंगामे के आसार, विपक्ष बोला- सरकार पहलगाम पर जवाब दे; बीते दिन लोकसभा 4 बार स्थगित हुई थी


नई दिल्ली


मानसून सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों में विपक्ष ने नारेबाजी की।

संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सत्र के पहले दिन राज्यसभा-लोकसभा में पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा हुआ। विपक्ष ने इन मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी की। दिनभर में लोकसभा 4 बार स्थगित हुई।


पहले दिन हंगामे के बीच सरकार ऑपरेशन सिदूंर पर सदन में चर्चा के लिए तैयार हो गई। अगले हफ्ते इस मुद्दे पर लोकसभा में 16 और राज्यसभा में 9 घंटे बहस होगी। हालांकि विपक्ष का कहना है कि चर्चा सत्र के शुरुआत में होनी चाहिए और PM मोदी जवाब दें।


राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा था- पहलगाम हमले के आतंकी अब तक पकड़े नहीं गए। मारे भी नहीं गए। लेफ्टिनेंट गवर्नर ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में इंटेलिजेंस फेलियर हुआ। ट्रम्प 24 बार कह चुके हैं कि हमने युद्ध रुकवाया। सरकार को इन सभी का जवाब देना चाहिए।


इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा था कि देश में ऐसा संदेश नहीं जाना चाहिए कि सरकार पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा नहीं करना चाहती। हम चर्चा करेंगे और हर तरीके से करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के सभी पॉइंट्स को देश के सामने रखा जाएगा।


मानसून सत्र के पहले दिन की 4 तस्वीरें...✍️


पीएम मोदी ने मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को मीडिया को संबोधित किया।


लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। लोकसभा 4 बार स्थगित हुई।


राहुल और प्रियंका संसद भवन में साथ पहुंचे।


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का सोमवार को जन्मदिन था। कांग्रेस सांसदों ने केक काटा।


मानसून सत्र के पहले दिन की 4 बड़ी बातें...


लोकसभा 4 बार स्थगित: विपक्ष ने लोकसभा में पहलगाम-ऑपरेशन सिंदूर पर हंगामा किया। विपक्षी दलों की मांग थी कि सरकार का प्रमुख होने के नाते प्रधानमंत्री इन मुद्दों पर जवाब दें। इसके चलते लोकसभा 4 बार स्थगित हुईं।

स्पीकर को जस्टिस वर्मा को हटाने ज्ञापन सौंपा: जस्टिस यशवंत वर्मा को हटाने के संबंध में स्पीकर ओम बिरला को ज्ञापन सौंपा गया। लोकसभा में 145 और राज्यसभा में 63 सांसदों ने वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए।

बिल ऑफ लैडिंग बिल, 2025 पास: राज्यसभा से बिल ऑफ लैडिंग बिल, 2025 पास हुआ। यह 1856 के भारतीय बिल्स ऑफ लैडिंग एक्ट की जगह लेगा। यह बिल समुद्री रास्ते से भेजे गए सामान के लिए एक पक्का डॉक्यूमेंट (बिल ऑफ लैडिंग) प्रदान करता है, जो यह साबित करता है कि सामान जहाज पर लदा हुआ है। बिल मार्च में लोकसभा से पास हुआ था।

नए इनकम टैक्स बिल पर कमेटी ने सुझाव दिए: इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश की गई। कमेटी ने सुझाव दिए कि वित्त मंत्रालय व्यक्तिगत करदाताओं को बिना किसी जुर्माने के तय तारीख के बाद आयकर रिटर्न दाखिल करके TDS रिफंड लेने की अनुमति दे। साथ ही रिलीजियस कम चैरिटेबल ट्रस्ट को मिलने वाले गुमनाम दान को टैक्स से छूट दी जाए। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा।

मानसून सत्र 32 दिन चलेगा


संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक यानी कुल 32 दिन चलेगा। इस दौरान 18 बैठकें होंगी, 15 से ज्यादा बिल पेश होंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण 13-14 अगस्त को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।


केंद्र सरकार मानसून सत्र में 8 नए बिल पेश करेगी, जबकि 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी। इनमें मणिपुर GST संशोधन बिल 2025, इनकम टैक्स बिल, नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल जैसे विधेयक शामिल हैं।


पहले दिन नए इनकम टैक्स बिल पर बनी संसदीय कमेटी की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होगी। कमेटी ने 285 सुझाव दिए हैं। 622 पन्नों वाला बिल 6 दशक पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को रिप्लेस करेगा।

You may also like: सरकार का आधार बना जनता की फजीहत

Likes 0 · Dislikes 0 Log in to like or dislike this post.
Share this post

Leave a Reply

Please log in to comment on this post.